मोहाली में दो भाइयों पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
मोहाली। सोमवार देर रात 1 बजे फायरिंग की घटना सामने आई है। जिस में दो युवक बाल बाल बच गए हैं। मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात 1 बजे मोहाली के होमलैंड सोसाइटी के बाहर मार्केट में फायरिंग की घटना हुई है। पांच राउंड गोलियां चलाई गई हैं। यह फायरिंग दो भाईयों सुखविंदर सिंह और गुरविंदर सिंह पर की गई है। यह दोनों सोसाइटी के पास बनी मार्केट में खड़े हुए थे। वहां पर तीन से चार गाड़ियों में आए कुछ युवकों ने इनपर फायरिंग की है। जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया पुलिस ने उनकी पहचान कर मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी हुए फरार : फिलहाल सभी आरोपित फरार चल रहे हैं। दोनों ग्रुप होमलैंड सोसाइटी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मोहाली के एसएसपी संदीप गर्ग ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं हैं। इन दोनों ग्रुप में पहले से रंजिश चलती आ रही है। किसी कोर्ट केस को लेकर भी इन दोनों ग्रुप में लड़ाई चल रही है। पुलिस की जांच में चार लोगों की पहचान हुई है। उसमें जसप्रीत सेठी, चरण सोही, परमवीर धारीवाल और पीता का नाम सामने आ रहा है। इस फायरिंग सुखविंदर और गुरविंदर किसी को भी गोली नहीं लगी। इन पर चलाई गई सभी गोलियां दीवार पर लगीं हैं। पुलिस ने मौके से तीन खोल भी बरामद किए हैं। घटना के तुरंत बाद पुलिस सुखविंदर और गुरविंदर को पुलिस पीसीआर में बैठा किसी सुरक्षित स्थान पर ले गई। बता दें कि जहां यह घटना हुई है वहां पास में होमलैंड सोसायटी हैं।
यहां रहते हैं कई पंजाबी सिंगर : होमलैंड सोसाइटी में कई नामी पंजाबी सिंगर भी रहते हैं। यहां पर काफी पुलिस सुरक्षा 24 घंटे मौजूद रहती है। कई लोगों के निजी सुरक्षा कर्मी भी यहां पर तैनात रहते हैं। इसके बाद भी इस तरह की घटना हैरान करने वाली है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी अपने कब्जे में ले लिए हैं। गौरतलब है कि इसी रोड पर 3 किलोमीटर दूर कुछ दिन पहले भी फायरिंग का मामला सामने आया था, जिसमें कुछ बदमाशों ने जम्मू के गैंगस्टर राजेश डोगरा का गोलियां मार कर कत्ल कर दिया था।