चंडीगढ़ इलेक्ट्रिकल गोदाम में लगी आग, 2 लड़कियों की मौत

चंडीगढ़ इलेक्ट्रिकल गोदाम में लगी आग, 2 लड़कियों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

चंडीगढ़। शहर में एक बार फिर आग ने अपना टांडव दिखाते हुए दो लड़कियों की जिंदगी को स्वाह कर दिया। सोमवार को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित विश्व इलेक्ट्रिकल में लगी आग ने 2 लड़कियों की जिंदगी खत्म कर दी। सोमवार को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित इस शोरूम में अचानक आग लग गई। सूत्रों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। इस दौरान 5 लड़कियां आग में झुलस गई है जिन्हें जीएमसीएच 32 अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान राम दरबार की रहने वाली दो लड़कियों को मृत घोषित कर दिया गया, वहीं बाकी 3 की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। जिन तीन लड़कियों की हालत गंभीर बताई जा रही है उनका नाम सपना, किरण और अनीता बताया जा रहा है।

वहीं फायर विभाग की ओर से बताया गया कि अभी इस पूरे हादसे की रिपोर्ट बनानी है जिसके बाद कुछ कहा जा सकता है। जांच रिपोर्ट में यह भी देखा जाएगा कि जिस शोरूम में आग लगी है उसके पास फायर एनओसी थी या नहीं। इसके अलावा यह भी जांच का पहलू होगा कि  शोरूम के अंदर आग को बुझाने के लिए पर्याप्त साधन मौजूद थे या नहीं।

जानकारी के अनुसार जिस समय गोदाम में आग लगी उस समय, वहां पर कुछ लोग थे। जैसे ही गोदाम में आग लगी तो इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोगों ने आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-31 पुलिस स्टेशन प्रभारी राम रत्न अपने पुलिस बल और रामदरबार से फायर ब्रिगेड की टीम फौरन मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

आग गोदाम के बेसमेंट में लगी थी। जो कि धीरे-धीरे बढ़ती गई और आसपास तेज धुआं फैलता गया। तेज धुएं ने लोगों के साथ फायर टीम की भी मुसीबत ज्यादा बढ़ाई। बताया जा रहा है कि आग लगने और तेज धुएं के चलते मौके पर मौजूद 5 लोग बेसुध हो गए थे जिन्हें रेस्क्यू किया गया। बाद में पीसीआर गाड़ी से सभी को अस्पताल ले जाया गया।

आग इतनी भयानक थी कि उस पर अग्निशमन वाहनों के द्वारा लगभग 2 घंटे में आग पर काबू पाया गया। मौके की स्थिति को देखते हुए गोदाम के बाहर का रास्ता पुलिस ने बंद करवा दिया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। घायल हुए लोगों की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *