चंडीगढ़ में कल बारिश होने की संभावना
मौसम बदलेगा करवट, ज्यादा बारिश हुई तो फिर होगी लोगों को असुविधा
चंडीगढ़। शहर का मौसम एक बार फिर करवट बदलने को तैयार है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, मंगलवार और बुधवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं रविवार दोपहर से ही पंजाब के कई हिस्सों में बारिश भी शुरू हो चुकी है, लेकिन बीते दिनों हुई बारिश से आई बाढ़ से ट्राईसिटी अभी उबर नहीं पाई है। ऐसे में एक बार फिर ट्राईसिटी में बारिश के पूर्वानुमान ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।
शहर में हो चुकी है 733.3 एमएम बारिश
वहीं 1जून से अब तक शहर में 733.3 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है, जोकि सामान्य से 160.1 फीसदी अधिक है। वहीं पंजाब में अगले तीन दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग के अनुसार मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 4.5 किमी और 9.5 किमी के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर अगले कुछ दिनों में चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में देखा जा सकता है। पिछले चार दिन से शहर में बारिश नहीं हुई है, लेकिन अब आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ हो रहा सक्रिय
मानसून भले अब कमजोर हो गया है, लेकिन मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 4.5 किमी और 9.5 किमी के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके अलावा एक साइक्लोन सर्क्युलेशन हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर स्थित है। इससे कम से मध्यम वर्षा का अनुमान है।
आगे मौसम का हाल:
-सोमवार को बारिश की संभावना बनी है। ऐसे में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-मंगलवार को भी बादल छाए रहने और बारिश की उम्मीद है। ऐसे में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-बुधवार को बारिश की संभावना है। ऐसे में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-वीरवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।