Chandigarh : पुलिस के सुरक्षा घेरे के बीच होगा न्यू ईयर सेलिब्रेशन
चंडीगढ़। नए साल 2023 का जश्न के लिए चंडीगढ़ पूरी तरह तैयार है। बस कुछ ही घंटों में हम 2023 नए साल में प्रवेश कर जाएंगे। इस खास जश्न में किसी तरह की भी कोई आपराधिक घटना घटित न हो, इस के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने भी खास तैयारियां की हैं। 31 तारीख रात 9 बजे से ही शहर में कुल 52 नाके पुलिस द्वारा लगा दिए जाएंगे। चंडीगढ़ के बार्डर एरिया पर 9 बाहरी नाके और अंदरूनी सड़कों पर 43 नाके लगाए जाएंगे। वहीं कुछ अस्थाई नाके भी लगातार लगाए जाएंगे। ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। जश्न वाली जगहों पर अन्य स्थानों पर PCR की मूवमेंट रहेगी। इसके अलावा कोई तोड़फोड़ या आपराधिक वारदात को रोकने के लिए भी पुलिस की मुस्तैदी बनी रहेगी।
1952 पुलिस वाले रखेंगे शहर पर नजर
जानकारी के मुताबिक 1952 पुलिसकर्मियों की नए वर्ष सेलिब्रेशन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर तैनाती होगी। इनमें 12 DSP, 16 SHOS, 32 इंस्पेक्टर, 1262 निचले स्तर के पुलिसकर्मी, 140, PCR कर्मी, 300 ट्रैफिक पुलिस कर्मी व अन्य जवान शामिल होंगे। पुलिस की तरफ से शहर के पब, बार, प्लाजा, एलांते मॉल, अरोमा सेक्टर 22, ISBT – 17, ISBT – 43 समेत अन्य संवेदनशील जगहों पर तैनाती रहेगी। इनमें शहर के होटल, क्लब, रेस्टोरेंट, कम्युनिटी सेंटर्स, मार्किट पर भी पुलिस तैनात रहेगी। इनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल होंगी।

नए साल जश्न और महिलाओं को पुलिस देगी यह सुविधा
शहर में महिलाओं / लड़कियों की सहायता के लिए महिला निरीक्षकों की देखरेख में एक विशेष महिला पुलिस दस्ते का गठन किया गया है। इसके अलावा, महिला पुलिस अधिकारियों के साथ 8 पीसीआर वाहनों को शहर के 8 प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि महिलाओं को पिक एंड ड्रॉप की सुविधा प्रदान की जा सके और जरूरत पड़ने पर उनकी हर संभव मदद की जा सके।
हुड़दंग किया तो पुलिस बख्शेगी नहीं
नए साल के जश्न पर सड़कों पर ड्रिंक करते पाए गए या नॉइस पॉल्यूशन करते दिखेंगे अथवा हुड़दंग करते हुए पाए गए उनके साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। इसके अलावा नए साल पर ड्रंकन ड्राइविंग के विशेष नाके लगाए जाएंगे। वहीं ड्रंकन ड्राइविंग को लेकर सरप्राइज चेकिंग भी की जाएगी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस कर्मी सड़कों पर विशेष रूप से ट्रैफिक कंट्रोल करते नजर आएंगे।